बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में अपने युवावस्था के उन ‘वाइल्ड’ अनुभवों को साझा किया, जब उन्होंने भांग और मारिजुआना का पहली बार सेवन किया था। यूट्यूब शो ‘अनफिल्टर्ड बाय समदीश’ पर बातचीत के दौरान अनुपम ने बताया कि ये प्रयोग इतने तीव्र थे कि उन्होंने जिंदगी में कभी दोबारा इनका सहारा न लेने की कसम खा ली। एनएसडी (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) के दिनों की ये घटनाएं आज भी उन्हें हंसाती और डराती हैं। अनुपम खेर भांग अनुभव और मारिजुआना किस्सा सुनाकर दर्शकों को हंसा दिया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि ऐसे प्रयोग खतरनाक हो सकते हैं।
मारिजुआना ट्राई करने का किस्सा सुनाते हुए अनुपम ने कहा, “मैंने सिर्फ दो ड्रैग लिए और फिर आकाश की ओर देखने लगा। एयरपोर्ट से एक प्लेन उड़ान भर रहा था, मैं उसे देखता रहा जब तक वो आकाश में एक छोटी सी बिंदु न बन गया। लगता था कि मैं उसे देखता रहा जब तक वो हीथ्रो एयरपोर्ट न पहुंच गया।” इसके बाद उन्हें लगा जैसे वो पागल हो गए हों।
भांग चखने का वाकया तो और भी ड्रामेटिक था। एनएसडी हॉस्टल में बैचमेट्स के साथ भांग पीने के बाद अनुपम 8 घंटे तक लगातार हंसते रहे। उन्होंने कहा, “जब मैंने इसे ट्राई किया, तो मैंने कसम खा ली कि कभी दोबारा नहीं करूंगा, क्योंकि मैं 8 घंटे तक लगातार हंसा।” बैचमेट्स भी हाई थे, छत पर खड़े होकर वार्डन से कह रहे थे, “आर्मी आ रही है।” अनुपम चिल्ला रहे थे, “मुझे बचा लो, हंस-हंसकर मर जाऊंगा,” लेकिन कोई सुन ही नहीं रहा था।
